उत्तराखंड

देहरादून में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 15 लाख की केटामाइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

एसटीएफ, एएनटीएफ और सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ी 1.521 किलो प्रतिबंधित ड्रग्स; सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी

देहरादून में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ, एएनटीएफ और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.521 किलोग्राम प्रतिबंधित केटामाइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को सेलाकुई क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। दोनों आरोपी स्कूटी की डिक्की में छिपाकर केटामाइन ले जा रहे थे। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की जांच कर उसे केटामाइन की पुष्टि की।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से नशे की सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, इसके सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास किसी व्यक्ति को यह खेप पहुंचाने जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है और संभावित अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है। पुलिस ने इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी सीज कर लिया है।

एसटीएफ का कहना है कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!