पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध में देर रात थाने का घेराव
ठेका कर्मी पर पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज, परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

पंतनगर स्थित गोविंद वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर से एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय परिसर में घूमने निकली कुछ नाबालिग बच्चियों के साथ एक ठेका कर्मी ने छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। देर रात बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक पंतनगर कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ बच्चियां विश्वविद्यालय परिसर में टहलने निकली थीं। इसी दौरान परिसर में कार्यरत ठेका कर्मी दीपक शर्मा पर आरोप है कि उसने बच्चियों को अकेला देखकर उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। किसी तरह बच्चियां वहां से निकलकर अपने घर पहुंचीं और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और देर रात तक पंतनगर कोतवाली के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि विश्वविद्यालय जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पंतनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत करने की मांग की है।