DehradunUttrakhand

सोमवती अमावस्या पर 75 लाख से ज्यादा श्रद्धालु ने गंगा में लगाई डुबकी

हरिद्वार समेत विभिन्न गंगा घाटों पर उमड़ी भारी भीड़, श्रद्धालुओं ने स्नान कर की सुख-समृद्धि की कामना

सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा स्नान के लिए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर की पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर पुण्य की डुबकी लगाई। प्रशासन के अनुसार सोमवार देर रात तक 75 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे।

सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही हर की पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय घाट, वीआईपी घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य, पितरों का तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।

मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और जल संस्थान की टीमें भी मुस्तैद रहीं। घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!