Uncategorized

मुख्य नगर आयुक्त से संयुक्त नागरिक संगठन के पदाधिकारियों ने की मुलाकात

शहर के विकास को सुझावों पर भी हुई चर्चा

देहरादून। संयुक्त नागरिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम देहरादून के नवनियुक्त मुख्य नगर आयुक्त से उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने मुख्य नगर आयुक्त का स्वागत करते हुए अपना परिचय दिया तथा शहर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर आयुक्त से कहा कि उनके इस महत्वपूर्ण पद पर आने से नागरिकों का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा लोगों को उम्मीद है कि शहर की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान शहर में जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और नागरिक जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। संगठन के सदस्यों ने सुझाव दिया कि देहरादून में भी समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जा सकते हैं, जिनसे नागरिकों, युवाओं और वरिष्ठजनों की भागीदारी बढ़े तथा शहर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिले।मुख्य नगर आयुक्त ने नगर निगम में शुरू की जा रही नई पहलकी जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के कार्यों में विशेषज्ञों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्यान एवं हरित विकास (हॉर्टिकल्चर) के क्षेत्र में विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं, जिससे वैज्ञानिक तरीके से यह निर्धारित किया जा सके कि किस क्षेत्र में कौन-से पौधे लगाए जाएं, उनकी देखभाल और छंटाई किस प्रकार की जाए तथा शहर के हरित क्षेत्रों को और बेहतर बनाया जा सके।

इसके अतिरिक्त शहर में साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल ट्रैक के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन की ओर से सुझाव दिया गया कि सहस्त्रधारा रोड सहित प्रमुख मार्गों को आसपास की कॉलोनियों और गलियों से साइकिल ट्रैक नेटवर्क के माध्यम से जोड़ा जाए। इसके लिए जीआईएस आधारित लोकेशन मैपिंग और विशेषज्ञों की सहायता से बेहतर योजना तैयार की जा सकती है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिल सके।
मुख्य नगर आयुक्त ने संगठन के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम नागरिकों की भागीदारी से शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े रचनात्मक सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।इस अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन की ओर से दिनेश भंडारी (एडवोकेट), रवि सिंह नेगी (एडवोकेट), गुलिस्ता खानम, दीपचंद शर्मा, आर.एस. कैंथुरा, ताराचंद गुप्ता, योगेश अग्रवाल, रोहित कोचवे, प्रकाश नागिया, अमर सिंह, खुशवीर सिंह, शक्ति प्रसाद डिमरी, अवधेश शर्मा एवं सुशील सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!