
देहरादून 13 जून को आईएमए की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति या संस्था को निजी अथवा व्यावसायिक ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए 12 जून के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, जिसके संबंध में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
- ऋषिकेश और भानियावाला से देहरादून आने वाले वाहन रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे।
- ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी भेजे जाएंगे।
- हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहन भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।
- हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन भानियावाला, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होकर मसूरी पहुंचेंगे।
- देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहन कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।