उत्तराखंड

एनसीएपी के अंतर्गत शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के सुधार हेतु प्रस्ताव तैयार, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने दिए वैज्ञानिक एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्देश

एनसीएपी के तहत जंक्शन ज्यामिति, स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, फुटपाथ, सीसीटीवी व एआई आधारित मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुधरेगी यातायात व्यवस्था; सड़क सुरक्षा, जाम में कमी और वायु गुणवत्ता सुधार पर रहेगा विशेष फोकस।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत नगर निगम देहरादून द्वारा शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के समग्र सुधार एवं आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में तैयार किए गए इस प्रस्ताव का उद्देश्य शहर में यातायात की सुगमता बढ़ाना, सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना, यातायात जाम को कम करना तथा वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण में कमी लाना है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों का विकास वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन के मानकों के अनुरूप किया जाए, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके तथा वायु गुणवत्ता में भी सुधार आए।

प्रस्ताव के अनुसार शहर के चिन्हित ट्रैफिक जंक्शनों पर आवश्यक अवसंरचना विकसित की जाएगी। इसमें जंक्शन ज्यामिति (Junction Geometry) में सुधार, फ्री लेफ्ट टर्न, समुचित लेन विकास, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्यूज आइलैंड, आधुनिक ट्रैफिक साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड, क्रैश बैरियर, सड़क सुरक्षा उपकरण, स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरा एवं एआई आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग प्रणाली जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।

प्रस्ताव में प्रत्येक जंक्शन के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अंतर्गत हरित पट्टियों का विकास, लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधारोपण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक कला (Public Art) तथा नगर की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले तत्व विकसित किए जाएंगे, जिससे शहर की सुंदरता के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध हो सके।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि ट्रैफिक जंक्शनों का वैज्ञानिक सुधार केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं में कमी, यात्रा समय की बचत, ईंधन की खपत में कमी तथा वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि एनसीएपी के उद्देश्यों के अनुरूप यह प्रस्ताव शहर को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

नगर निगम द्वारा तैयार प्रस्ताव को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति हेतु संबंधित सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुसार कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर निगम देहरादून नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ वायु के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) डॉ. अनीता चमोला, क्षेत्राधिकारी यातायात (सीओ ट्रैफिक) जगदीश सी. पंत, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह, अवर अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग मुश्ताक आलम तथा अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ललित मोहन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!