आशारोड़ी रोड पर भीषण सड़क हादसा, क्लीनर की मौत, ड्राइवर घायल
देहरादून: आशारोड़ी रोड पर भीषण सड़क हादसा,
देहरादून के आशारोड़ी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के सोनीपत से चावल लेकर आ रहा एक ट्रक ब्रेक नहीं लगने के कारण पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और माचिस की डिब्बी की तरह पिचक गया।

इस हादसे में ट्रक के क्लीनर विकास की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर बॉबी घायल हो गया। हादसे के वक्त ट्रक में दो लोग सवार थे। घायल ड्राइवर बॉबी (28) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के भागूवाला का निवासी है, जबकि मृतक क्लीनर विकास ऋषिकेश के काली की ढाल स्थित सर्वानंद नगर का रहने वाला था।
हादसे में शामिल ट्रक का नंबर HR 69 B 0049 बताया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के करीब आधे घंटे तक मौके पर क्रेन और एंबुलेंस नहीं पहुंच सकीं। इस भीषण दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर भी सवाल खड़े किए हैं।