2 करोड़ रुपये के मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राजपाल यादव, आज की सुनवाई अहम

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक पुराने चेक बाउंस मामले को लेकर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। इस मामले में आज होने वाली सुनवाई को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 2 करोड़ रुपये अदालत की रजिस्ट्री में जमा कराने का निर्देश दिया था। अब नजर इस बात पर है कि अभिनेता ने तय रकम जमा की है या नहीं और अदालत इस मामले में आगे क्या आदेश देती है।
इससे पहले 5 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को रकम जमा करने के लिए एक और मौका दिया था। अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि 15 सितंबर को दिए गए आदेश के बावजूद निर्धारित राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद कोर्ट ने मंगलवार तक भुगतान करने का समय दिया और अगली सुनवाई बुधवार को तय की गई।
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने 50-50 लाख रुपये के चार डिमांड ड्राफ्ट की प्रतियां अदालत के सामने पेश की थीं। बताया गया था कि ये ड्राफ्ट महाराष्ट्र से जारी किए गए हैं और उन्हें दिल्ली लाया जा रहा है। हालांकि, शिकायतकर्ता कंपनी ने इन ड्राफ्ट को लेकर सवाल उठाए थे।
पिछली सुनवाई में जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने मामले में हुई देरी पर नाराजगी जाहिर की थी। कोर्ट ने कहा था कि एक तरफ शिकायतकर्ता की रकम वापस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अभिनेता की अपील पर भी सुनवाई हो रही है।
16 साल पुराना है पूरा मामला
राजपाल यादव से जुड़ा यह विवाद करीब 16 साल पुराना है। शिकायतकर्ता कंपनी के मुताबिक, साल 2010 में अभिनेता ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये लिए थे। बाद में रकम लौटाने को लेकर विवाद हुआ और भुगतान के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए।
जुलाई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव की सजा को बरकरार रखा था। उन्हें तीन महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी। ऐसे में अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में 2 करोड़ रुपये की राशि जमा करने और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर अदालत का रुख बेहद अहम होगा।