राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

देहरादून। राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संस्थान के विद्यार्थियों ने संस्थान प्रशासन के समक्ष विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर मांगपत्र सौंपा। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा, छात्रावास, खेल, स्वास्थ्य एवं संस्थान से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनका शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।

मांगपत्र में स्थायी निदेशक की नियुक्ति, उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता योजना को पुनः शुरू करने, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने, ऑडिटोरियम का निर्माण, कैंटीन एवं छात्रावास भोजनालय की व्यवस्था में सुधार, ब्रेल शिक्षकों और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर की नियुक्ति तथा अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने फुटबॉल ग्राउंड, जिम, रनिंग ट्रैक, खेल सामग्री की समय पर उपलब्धता, महिला पीटीआई की नियुक्ति, डिस्पेंसरी के समय में सुधार, चिकित्सा कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा छात्रावासों में स्थायी वार्डन, वाई-फाई, सीसीटीवी, मेडिकल किट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि संस्थान प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा