चारधाम यात्रा का आगाज़, केदारनाथ डोली 19 अप्रैल को ऊखीमठ से होगी रवाना।
ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा के साथ शुरुआत, 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट।

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होने जा रहा है। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा की तैयारियां भी पूरी रफ्तार पर हैं।18 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर में क्षेत्र रक्षक भुकुंट भैरव के पूजन के साथ केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। इस अवसर पर मंदिर को श्रद्धालुओं और समिति के सहयोग से करीब आठ क्विंटल विभिन्न फूलों से भव्य रूप दिया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।19 अप्रैल को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ से धाम के लिए प्रस्थान करेगी। आर्मी बैंड की धुनों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच निकलने वाली यह डोली यात्रा मार्ग के अलग-अलग पड़ावों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती हुई 21 अप्रैल को केदारनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां डोली को भंडार गृह में स्थापित किया जाएगा।
![]()
इसके बाद 22 अप्रैल की सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही हजारों श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो जाएंगे।यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहले ही ऊखीमठ पहुंच चुके हैं। वहीं, मंदिर समिति का अग्रिम दल केदारनाथ में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी हो सकें।उधर, गौरीकुंड से केदारनाथ तक करीब 18 किलोमीटर के पैदल मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था सुचारू कर दी गई है। यात्रा मार्ग पर व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में एक बार फिर से चहल-पहल लौटती दिखाई दे रहीओकारेश्वर मंदिर प्रभारी विजेंद्र बिष्ट ने बताया कि, शनिवार दोपहर बाद भुकुंट भैरव की पूजा विधि-विधान से संपन्न की गई. इस दौरान स्थानीय लोगों ने नए अनाज का भोग लगाकर आगामी ग्रीष्मकालीन यात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की. उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है.मंदिर समिति के सदस्य डीएस भुजवाण ने बताया कि केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए एडवांस टीम पूरी तत्परता से कार्य कर रही है और तय समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी जाएंगी