DehradunUttrakhand

जिलाधिकारी ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के निकट भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम , आवाजाही के लिए मार्ग हुआ बहाल

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप हालिया भू-धंसाव की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजमार्ग पर हुए धंसाव की स्थिति, कटाव से खतरे और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सीमा सड़क संगठन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से स्थिति की तकनीकी रिपोर्ट ली और सुरक्षात्मक उपायों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर तात्कालिक तौर पर मलबा हटाने और सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। फिलहाल मार्ग को आवाजाही हेतु बहाल कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना पहली प्राथमिकता है। इसके साथ ही भू-धंसाव वाले क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सतर्क रहने और मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन की टीमें मौके पर मुस्तैद हैं और भारी मशीनों की मदद से मार्ग को पूर्ण रूप से सुचारू करने का काम लगातार जारी है। जनता से भी अपील की कि वे मौसम और सड़क की स्थिति की अद्यतन जानकारी लेकर ही यात्रा करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!