देहरादून पहुंचे उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, आईएफएस प्रशिक्षुओं से करेंगे संवाद

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति देहरादून के लिए रवाना हुए।
अपने दौरे के पहले दिन उपराष्ट्रपति देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए वह उनके प्रशिक्षण और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे।
20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में आयोजित आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
अपने दोनों अकादमियों के दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे। उनके उत्तराखंड दौरे को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।