उत्तराखंड

हरिद्वार में आम तोड़ने को लेकर बवाल, दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प; दो मजदूर घायल

भगवानपुर के आम के बाग में विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से हमले और तोड़फोड़ के आरोप; तनाव के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा।

हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि आम के बाग में काम कर रहे मजदूरों पर लाठी-डंडों से लैस युवकों ने हमला कर दिया, जिससे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलकी मसाई गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गुरुवार शाम (23 जुलाई) मजदूर आम तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग बाग में पहुंचे और पेड़ों से आम तोड़ने लगे। जब वहां मौजूद मजदूरों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर बाग में पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में सिकरौढ़ा गांव निवासी फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य मजदूर को भी चोटें आईं।

पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमलावर बाग में रखे आम अपने साथ ले गए और वहां खड़े कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, आरोप है कि बाग से निकलने के बाद भी कुछ लोगों ने गांव के मुख्य मार्ग पर राहगीरों के साथ मारपीट करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 40 से 50 युवक लंबे समय तक चौराहे पर लाठी-डंडों के साथ मौजूद रहे, जिससे आसपास के इलाके में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां फुरकान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!