
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर खुद ही सजा दे दी। मामला झबरेड़ा थाना क्षेत्र का है, जिसका वीडियो भी सामने आया है और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक पर सरसों चोरी करने का आरोप था। जब वह उसी सरसों को बेचने के लिए वापस पहुंचा, तो ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया और मौके पर पकड़ लिया। उसके साथ एक और व्यक्ति भी था, जो मौका पाकर फरार हो गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक के हाथ बांधकर उसे पेड़ से बांधा गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले सुनहेटी गांव के एक घर से सरसों की बोरी चोरी हुई थी, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसी आधार पर लोग आरोपियों की तलाश में थे।
गुरुवार को जब आरोपी चोरी का सामान बेचने के इरादे से उसी घर पहुंचा, तो पीड़ित ने उसे पहचान लिया और आसपास के लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और युवक को पकड़ लिया गया। हालांकि, इस दौरान उसका साथी भागने में सफल रहा।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आने से पहले ही युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया। बाद में जब वीडियो वायरल हुआ, तो उसे छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पास के मोलना गांव का रहने वाला है।
वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।