कुरुक्षेत्र में महायज्ञ के दौरान फायरिंग: ब्राह्मणों को खाना परोसने को लेकर विवाद, एक को गोली लगी, स्थिति तनावपूर्ण

कुरुक्षेत्र: केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में शनिवार को खाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। आरोप है कि ब्राह्मणों को पुराना खाना परोसने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
विवाद के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को लगी। उन्हें गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना से गुस्साए ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरती और जाम खुलवाने का प्रयास किया।
फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।