CrimeUttrakhand

बेटे ने की अंकिता की हत्या, अब पिता कर रहे चरित्र पर सवाल! 4000 पन्नों की वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक होने पर भड़की कांग्रेस

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। दोषसिद्ध पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता की कथित निजी वॉट्सऐप चैट के 4000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए। उन्होंने दावा किया कि अंकिता ने अपने माता-पिता और पुरुष मित्र से परेशान होकर आत्महत्या की थी। इस बयान के बाद कांग्रेस समेत कई संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है।

 

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने विनोद आर्य के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले उनके बेटे ने उत्तराखंड की बेटी की हत्या की और अब पिता उसके चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी छवि खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिस अंकिता को न्याय दिलाने के लिए पूरा उत्तराखंड सड़कों पर उतरा था, आज उसी के निजी जीवन को निशाना बनाया जा रहा है।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस मामले पर कहा कि हर व्यक्ति अपने बचाव में अपनी बात रखता है, लेकिन अपराधी आज भी जेल में हैं और कानून अपना काम कर रहा है।

बेटे ने की अंकिता की हत्या, अब पिता कर रहे चरित्र पर सवाल! 4000 पन्नों की वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक होने पर भड़की कांग्रेस
बेटे ने की अंकिता की हत्या, अब पिता कर रहे चरित्र पर सवाल! 4000 पन्नों की वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक होने पर भड़की कांग्रेस

दरअसल, विनोद आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और उसके पुरुष मित्र के बीच हुई कथित वॉट्सऐप चैट के 4000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। उन्होंने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए इन चैट को जांच में शामिल करने और अंकिता के माता-पिता व मित्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

पहाड़ी महासभा ने जताई नाराजगी

विनोद आर्य के इस कदम पर पहाड़ी महासभा ने भी कड़ी आपत्ति जताई है। महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता केवल एक परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी है। उसकी निजी चैट सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। वहीं, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि पूरा उत्तराखंड आज भी अंकिता के माता-पिता के साथ खड़ा है।

अंकिता हत्याकांड को लेकर एक बार फिर प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। लोगों का सवाल है कि न्याय की लड़ाई लड़ रही एक बेटी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक कर आखिर किसे निशाना बनाया जा रहा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!