कोलकाता से पीएम मोदी ने दिया योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किया नेतृत्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया और हजारों योग साधकों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र में भाग लिया।
केंद्र सरकार के अनुसार, इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। यह थीम स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस, मानसिक संतुलन, भावनात्मक सशक्तता और बेहतर जीवन गुणवत्ता में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक और आम नागरिक शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया।