आम आदमी पार्टी में टूट राघव चड्डा बीजेपी में शामिल ,दो तिहाई सांसदों के साथ होने का किया दावा
अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप में बड़ी टूट. केजरीवाल और भगवंत मान ने कहा- यह पंजाब के साथ धोखा है.

आम आदमी पार्टी में टूट हो गई है. आप के राज्यसभा के 10 सांसदों में से सात सांसद भाजपा में शामिल हो गए. आप सांसद राघव चड्ढा अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए. संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे.” आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पंजाब के साथ धोखा है.पिछले कुछ महीनों से चड्ढा को लेकर ऐसी खबरें मीडिया में आ रही थीं. राघव चड्ढा ने कहा कि उनके साथ हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि हमने राज्यसभा सचिवालय को भी इसकी सूचना दे दी है.
सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं, जिनमें से दो तिहाई से अधिक इस मामले में हमारे साथ हैं. उन्होंने हस्ताक्षर किए हैं और आज सुबह हमने हस्ताक्षरित पत्र और दस्तावेज राज्यसभा अध्यक्ष को सौंप दिए हैं… उनमें से तीन आपके सामने उपस्थित हैं. हमारे अलावा, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी हैं. उन्होंने आगे कहा, “मैं आपको पार्टी की गतिविधियों से खुद को अलग करने का असली कारण बता रहा हूं. मैं उनके गुनाहों का हिस्सा नहीं बनना चाहता था. मैं उनकी दोस्ती के लायक नहीं था, क्योंकि मैं उनके अपराध में शामिल नहीं था. हमारे पास सिर्फ दो ही विकल्प थे – या तो राजनीति छोड़ दें और पिछले 15-16 सालों में किए गए अपने जनसेवा के काम को त्याग दें या फिर अपनी ऊर्जा और अनुभव से सकारात्मक राजनीति करें. इसलिए, हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे.”