मोबाइल टावर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
घटना को अंजाम देने वाला अभियुक्त आया दून पुलिस की गिरफ्त में

देहरादून पुलिस ने माजरा क्षेत्र स्थित एक मोबाइल टावर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार रॉयल कमाण्ड प्रोटेक्शन ग्रुप, ऋषिनगर नालापानी चौक सहस्त्रधारा रोड के पदाधिकारियों ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के माजरा स्थित मोबाइल टावर से एलयूएस पार्ट्स और केबल चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आईएसबीटी के समीप सड़े मार्केट ग्राउंड क्षेत्र से आरोपी उस्मान पुत्र निजामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई दो पावर केबल, एक नारंगी रंग की केबल, एक सिल्वर रंग की केबल तथा एलसीयू उपकरण बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
देहरादून पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है तथा जनपद में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा