Uncategorized

पहली बार टिहरी की धरती पर उतरेंगे पीएम मोदी, इस बड़ी परियोजना का करेंगे लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के दो दर्जन से ज्यादा दौरे कर चुके है. वहीं प्रधानमंत्री का टिहरी में कार्यक्रम प्रस्तावित हुआ है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से हमेशा खास जुड़ाव रहा है. धार्मिक आस्था, पर्यटन, विकास परियोजनाओं और चुनावी कार्यक्रमों के चलते प्रधानमंत्री अब तक दो दर्जन से ज्यादा बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं. हालांकि इसके बावजूद भी राज्य के कुछ ऐसे जिले रहे हैं, जहां प्रधानमंत्री कभी किसी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे. इन्हीं जिलों में शामिल टिहरी अब पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का साक्षी बनने जा रहा है. खास बात यह है कि प्रधानमंत्री का यह प्रस्तावित दौरा किसी राजनीतिक रैली के बजाय एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी विकास परियोजना के लोकार्पण से जुड़ा हुआ है.

महत्वाकांक्षी परियोजना का करेंगे लोकार्पण: 

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित टिहरी दौरा 1000 मेगावाट क्षमता वाली टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना को लेकर है. यह परियोजना देश की बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल मानी जा रही है और उत्तराखंड के साथ-साथ देश की ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से भी बेहद अहम बताई जा रही है. माना जा रहा है कि मई महीने के अंत या जून महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टिहरी पहुंचकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं. उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब तक के दौरों पर नजर डालें तो ज्यादातर कार्यक्रम धार्मिक स्थलों, चुनावी रैलियों और विकास योजनाओं से जुड़े रहे हैं. प्रधानमंत्री कई बार केदारनाथ धाम पहुंचे हैं. यही वजह है कि रुद्रप्रयाग जिला उनके सबसे अधिक दौरों का गवाह बना है.

कई बार देवभूमि आ चुके पीएम मोदी: इसके अलावा बदरीनाथ धाम के कार्यक्रमों के चलते चमोली जिले में भी प्रधानमंत्री कई बार आ चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर चुके हैं तो वहीं पिथौरागढ़ जिले में स्थित आदि कैलाश यात्रा को लेकर भी उनका दौरा काफी चर्चाओं में रहा. इसके अलावा प्रधानमंत्री उत्तरकाशी जिले के मुखवा गांव भी पहुंच चुके हैं, जहां मां गंगा की शीतकालीन पूजा होती है. धार्मिक आस्था से जुड़े इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री लगातार पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़ाव का संदेश देते रहे हैं. वहीं राजनीतिक कार्यक्रमों की बात करें तो देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार चुनावी रैलियों और सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं.

पीएम मोदी का पहली बार टिहरी दौरा: पौड़ी जिले के श्रीनगर में भी प्रधानमंत्री की बड़ी जनसभा हो चुकी है. इसके अलावा नैनीताल जिले में प्रधानमंत्री साल 2019 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पहुंचे थे, जहां उन्होंने जंगल सफारी के साथ वन्यजीव संरक्षण को लेकर संदेश दिया था. इस तरह देखा जाए तो उत्तराखंड के 13 जिलों में से करीब 10 जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए पहुंच चुके हैं. लेकिन टिहरी जिला अब तक प्रधानमंत्री के सीधे दौरे से अछूता रहा. यही कारण है कि प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.टिहरी जिला लंबे समय से बड़े बांध और ऊर्जा परियोजनाओं के लिए जाना जाता है. टिहरी बांध देश की सबसे महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं में गिना जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!