देहरादून में पारा पहुचा 40 के पार आज 41°C तक पहुंचने के आसार, लू का अलर्ट
मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक बढ़ी गर्मी, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

राजधानी देहरादून में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बुधवार को शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मोहकमपुर में अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में इससे थोड़ा कम 40.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ है
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को देहरादून का पारा 41°C तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।लगातार बढ़ते तापमान के चलते राजधानी में गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में राहत मिलने के आसार फिलहाल कम दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम हल्का करवट ले सकता है। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली में बेहद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि देहरादून समेत अन्य अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप से बचने की सलाह दी है।