Uncategorized
देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में अग्निकांड मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज
देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में अग्निकांड मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज. घटना में महिला की मौत हो गई थी.


राजधानी देहरादून स्थित पैनेसिया अस्पताल में हुए अग्निकांड के मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस हादसे में अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जीएमएस रोड स्थित कावली गांव निवासी सन्नी पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 55 वर्षीय मां वीरवती को 19 मई की सुबह अचानक चक्कर आने पर पहले दून अस्पताल और अन्य अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन बेड उपलब्ध न होने के कारण उन्हें पैनेसिया अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने करीब 10 घंटे के इलाज, जांच और दवाइयों के नाम पर लगभग 50 हजार रुपये वसूले।
शिकायत के अनुसार, 20 मई की सुबह उनके बड़े भाई कमल पाल का फोन आया, जिसमें अस्पताल के आईसीयू में आग लगने की जानकारी दी गई। कुछ देर बाद पता चला कि उनकी मां आग की चपेट में आ गई हैं और उन्हें तत्काल कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ एंबुलेंस कर्मी और अन्य अस्पतालों के स्टाफ कथित तौर पर मरीजों को पैनेसिया अस्पताल भेजने के लिए सक्रिय रहते हैं। उन्होंने पूरे नेटवर्क और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही अस्पताल में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था और प्रशिक्षित स्टाफ की कमी को भी हादसे की बड़ी वजह बताया है।