यमुनोत्री धाम यात्रा में दो श्रद्धालुओं की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
यमुनोत्री धाम में जिन श्रद्धालुओं की मौत हुई है वो महाराष्ट्र और गुजरात से पहुंचे थे.

चारधाम यात्रा के अंतर्गत यमुनोत्री धाम पहुंचे दो और श्रद्धालुओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दोनों श्रद्धालुओं को अचेत अवस्था में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी 62 वर्षीय वंदना विजय सिंह बघेल और गुजरात निवासी 68 वर्षीय पटेल नितिन भाई बालू भाई यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए थे। यात्रा के दौरान अलग-अलग समय पर दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद वे अचेत हो गए। आसपास मौजूद यात्रियों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी के चिकित्सक डॉ. अखिल राणा ने दोनों श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।