नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन का आगाज, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीएम आवास से काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन कार्यक्रम का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर दौड़ में भी प्रतिभाग किया। साथ ही 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभारंभ के तहत ‘क्यालु-हिम तेंदुआ’ का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास यह दर्शाता है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूट कर भरा है।
सीएम धामी ने कहा कि आज यहां गूंज रहे युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर इतिहास रचेंगे। उन्होंने इसे केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम बताया।
उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए बुलंद हौंसला, हिमालय जैसा अडिग विश्वास और चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस आवश्यक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताया।
सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड है। उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन नए उत्तराखंड की शक्ति और सामर्थ्य के प्रदर्शन का प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है।