गंगा दशहरा स्नान पर्व हेतु हरिद्वार शहर का ट्रैफिक प्लान जारी
आमजन एवं सभी वाहन चालकों से हरिद्वार पुलिस ने यातायात पालन करने की अपील की है

गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर 23, 24 और 25 मई 2026 के लिए एक बड़ा यातायात प्लान जारी किया है। पर्व के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कई रूटों पर डायवर्जन और पार्किंग प्लान लागू किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को शहर की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। सामान्य परिस्थितियों में वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए शहर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अधिक भीड़ होने पर वाहनों को नगला इमरती, लक्सर और जगजीतपुर मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचने का रूट तय किया गया है। वहीं, ट्रैफिक अधिक होने की स्थिति में देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली प्राइवेट बसों को मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चंडी चौकी और चंडी चौक के रास्ते शहर में प्रवेश मिलेगा, जबकि बड़े वाहनों को नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा।
गंगा दशहरा के दौरान शहर में ऑटो, विक्रम और टैक्सी संचालन के लिए भी विशेष नियम लागू किए गए हैं। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर कई स्थानों पर ऑटो और विक्रम का संचालन सीमित रहेगा तथा उन्हें निर्धारित प्वाइंट तक ही आने की अनुमति होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 23 मई की रात 12 बजे से पर्व समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा 24 मई की रात से बड़े यात्री वाहनों और बसों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य लें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।