आपदाउत्तर प्रदेशनेपाल

नेपाल की बाढ़ का यूपी में दिखा खौफनाक असर, गंडक नदी में बहकर पहुंचे 10 शव , पहचान की कोशिश जारी

महाराजगंज/कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर अब उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल से होकर उत्तर प्रदेश में आने वाली गंडक नदी पिछले दो दिनों से पानी और मलबे के साथ कई शव भी लेकर पहुंच रही है। नदी से महाराजगंज और कुशीनगर में अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं।

हैरानी की बात यह है कि बरामद किए गए किसी भी शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी शव वयस्कों के हैं और शुरुआती जांच में इनके नेपाल के नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है। शव काफी खराब अवस्था में मिले हैं, जिसके चलते पहचान करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

महाराजगंज में 4, कुशीनगर में मिले 6 शव

महाराजगंज के अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार के अनुसार, जिले में अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। इनमें तीन महिलाएं और एक युवक शामिल हैं।

वहीं, कुशीनगर में आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी रवि प्रताप राय ने बताया कि गंडक नदी से छह शव बरामद हुए हैं। इनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।

प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इन शवों की पहचान कर उनके परिवारों तक सूचना पहुंचाना है।

जेवर, कपड़े और टैटू से पहचान की कोशिश

शवों की हालत खराब होने के कारण प्रशासन पहचान के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ दूसरे माध्यमों का भी सहारा ले रहा है। शवों के साथ मिले जेवर, कपड़े और अन्य निजी सामान का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।

इसके अलावा शरीर पर मौजूद टैटू, पुराने निशान और अन्य पहचान चिह्नों को भी दर्ज किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा बरामद शवों की तस्वीरें आसपास के क्षेत्रों में भी साझा की गई हैं, ताकि लापता लोगों के परिजन या परिचित उनकी पहचान कर सकें।

72 घंटे तक रखा जाएगा शवों को

महाराजगंज के अपर जिलाधिकारी के मुताबिक, बरामद शवों को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि 72 घंटे के भीतर किसी शव की पहचान या उसके संबंध में कोई दावा सामने नहीं आता है, तो सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच शवों के मिलने से सीमावर्ती इलाकों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन लगातार नदी और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!