अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता में चमकीं सानिया जोशी, देहरादून में हुआ सम्मान
विश्व मंच पर उत्तराखंड की धमक, रजत पदक विजेता सानिया का सम्मान

देहरादून। 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में रिटेल सेल्स के क्षेत्र में रजत पदक हासिल कर देश और उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाली सानिया जोशी का मंगलवार को एमएलए ट्रांजिट हॉस्टल में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने सानिया को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सानिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने सानिया की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सानिया की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित किया है कि मेहनत, लगन और कौशल के बल पर उत्तराखंड की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

कार्यक्रम का आयोजन नितिन सेमवाल, सौरभ उनियाल, रजत नौटियाल ,दीपक भट्ट और केदार नगर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित धानिक की ओर से किया गया। समारोह में पूर्व सभासद उमा दत्त सेमवाल, कैंट क्षेत्र की सभासद बीना नौटियाल, मोनिका डबराल, पूनम आर्या, कुलबीर राणा, विक्की भट्ट और शेखर भाटी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।