Dehradun

देहरादून के प्रसिद्ध क्लब के रेस्टोरेंट में गंदगी का खुलासा, चूहे-कॉकरोच और बासी खाना मिलने पर बंद कराया गया

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक प्रतिष्ठित क्लब के रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान रसोई और स्टोर रूम में चूहे-कॉकरोच, सड़ी सब्जियां और कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री मिली। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए अधिकारियों ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया। संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का नोटिस भी जारी किया गया है

औचक निरीक्षण में सामने आईं कई खामियां

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर सचिव सीमा डुंगराकोटी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने की जगह और बर्तन धोने वाले क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली।

फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू जैसी सड़ी हुई सब्जियां रखी थीं। इसके अलावा करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज और चाउमीन की सामग्री, दो दिन पुराने चावल और कई दिन पहले गूंथा गया आटा भी मिला। मसालों की अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी पाई गई। कुछ मसालों के पैकेट चूहों ने कुतर दिए थे।

बासी खाना नष्ट, नमूने जांच के लिए भेजे

निरीक्षण के दौरान बर्तन धोने वाली जगह पर पुराने जूठे बर्तन, कूड़ा-कचरा और जाम नालियां मिलीं। ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब पाई गई। अधिकारियों को कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पानी की गुणवत्ता से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

टीम ने पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और खराब चिकन करी नष्ट कराई। पनीर, दूध और चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

14 दिन में सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई

रेस्टोरेंट संचालक को सफाई, खराब खाद्य सामग्री के निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच समेत सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। सुधार नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने सहित कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने स्पष्ट किया कि खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!