पर्यावरण संरक्षण के प्रति भावी शिक्षकों को जागरूक कर रहा नगर निगम, स्वच्छ एवं हरित देहरादून के निर्माण पर जोर

नवोदय कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बी.एड. विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई विशेष कार्यशाला, जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण के प्रति किया जागरूक
देहरादून। स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल देहरादून के निर्माण की दिशा में नगर निगम देहरादून द्वारा निरंतर जनजागरूकता की पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में नवोदय कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बी.एड. विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में भावी शिक्षकों को जलवायु परिवर्तन, वैश्विक तापमान में वृद्धि, वायु प्रदूषण तथा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विशेष रूप से शिक्षक समाज में जागरूकता फैलाने और नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य भावी शिक्षकों को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने शिक्षण कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज में स्वच्छता, हरियाली तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचा सकें।

कार्यशाला का समापन ज्ञानवर्धक डिजिटल प्रश्नोत्तरी के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नगर निगम की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत देहरादून के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।