नगर निगम देहरादून द्वारा “आपदा प्रबंधन दिवस” के अंतर्गत आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

उत्तराखंड शासन द्वारा 25–28 नवम्बर 2026 तक मनाए जा रहे “आपदा प्रबंधन दिवस” के अंतर्गत आज दिनांक 27 नवम्बर 2026 को प्रातः 10:30 बजे नगर निगम कार्यालय, देहरादून के मीटिंग हॉल में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा आपदा के प्रति जागरूकता और तैयारी को बढ़ाना था।

मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम देहरादून द्वारा प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित किया गया। प्रशिक्षण में नगर निगम के समस्त मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सुपरवाईजर एवं प्रत्येक वार्ड से पर्यावरण मित्रों ने सक्रिय प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान शीत लहर, भूकंप, आकाशीय बिजली, अचानक बाढ़, बादल फटना एवं भूस्खलन जैसी आपदाओं में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को “भूदेव (BhuDev)” एवं “सचेत (Sachet)” मोबाइल ऐप के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि समय रहते आपदा की पूर्व चेतावनी प्राप्त की जा सके।

प्रशिक्षण में उपस्थित कर्मचारियों से अपेक्षा की गई कि वे प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन तक पहुँचाएँ और आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
नगर निगम देहरादून द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नं. 1077 पर संपर्क करें।