तुंगनाथ ट्रेक पर हादसा: गणेश मंदिर के पास खाई में गिरी महिला, रातभर चला सर्च ऑपरेशन; सुबह फिर शुरू हुई तलाश

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम जाने वाले ट्रेक पर रविवार देर शाम एक हादसे की सूचना से हड़कंप मच गया। गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की जानकारी मिलने के बाद रेस्क्यू टीमों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के बावजूद टीमों ने देर रात तक महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हुआ और अलग-अलग रेस्क्यू टीमों को तुंगनाथ ट्रेक की ओर रवाना किया गया।
कई टीमों ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन
महिला के खाई में गिरने की सूचना के बाद एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। टीमों ने टॉर्च और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से देर रात तक खाई वाले क्षेत्र में तलाश की।
लगातार तलाश के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। रात बढ़ने और अंधेरा अधिक होने के कारण करीब 12:30 बजे सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। टीमों ने सोमवार सुबह उजाला होने के बाद दोबारा अभियान शुरू किया।
सुबह होते ही रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के आसपास के संभावित स्थानों पर महिला की तलाश में जुट गईं। खाई और आसपास के दुर्गम हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
महिला की पहचान अभी स्पष्ट नहीं
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रविवार शाम गणेश मंदिर के पास महिला के खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। रात में अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का पता नहीं चल पाया।
अधिकारी के अनुसार, फिलहाल महिला की पहचान और वह कहां से तुंगनाथ ट्रेक पर पहुंची थी, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीमों की ओर से लगातार तलाश जारी है।
दुर्गम पहाड़ी इलाका बना चुनौती
तुंगनाथ क्षेत्र में ऊंचाई और कठिन भूगोल के कारण सामान्य परिस्थितियों में भी आवाजाही चुनौतीपूर्ण रहती है। हादसे वाले स्थान पर गहरी खाई होने के कारण सर्च ऑपरेशन को सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल रेस्क्यू टीमों का पूरा फोकस महिला का पता लगाने और सुरक्षित तरीके से उसे बाहर निकालने पर है।