स्वच्छ वायु दिवस – सप्ताह के तृतीय दिवस पर विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

देहरादून।नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तृतीय दिवस के अवसर पर नगर निगम देहरादून द्वारा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के सहयोग से शहर के विभिन्न विद्यालयों में वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेष रूप से PM10 एवं PM2.5 (सूक्ष्म कणीय वायु प्रदूषक) के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि PM10 एवं PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण वायु की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं तथा इनके प्रमुख स्रोतों में वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस कार्य, कचरा जलाना तथा अन्य दहन गतिविधियां शामिल हैं।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण को कम करने में उनकी भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें खुले में कूड़ा न जलाने, सार्वजनिक परिवहन एवं साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने, वाहनों का नियमित रख-रखाव करने, धूल नियंत्रण में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ वायु, प्रदूषण मुक्त देहरादून एवं हरित शहर जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच वायु गुणवत्ता एवं PM10 तथा PM2.5 से संबंधित जानकारी को रोचक तरीके से साझा किया गया।

नगर निगम देहरादून द्वारा बताया गया कि स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के अंतर्गत जन-जागरूकता को बढ़ाने के लिए विद्यालयों, बाजारों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर IEC गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को वायु प्रदूषण के कारणों एवं उसके नियंत्रण में उनकी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।
नगर निगम द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई कि “स्वच्छ वायु, स्वस्थ जीवन” के उद्देश्य को सफल बनाने के लिए खुले में कूड़ा जलाने से बचें, धूल एवं धुएं के उत्सर्जन को कम करें और स्वच्छ एवं हरित देहरादून के निर्माण में सक्रिय सहभागिता करें।