पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, पुलिस को फोन कर हुआ फरार
क्लेमेनटाउन क्षेत्र की सनसनीखेज वारदात, मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां आपसी कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी काजल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति धीरज पंवार ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की जानकारी दी और इसके तुरंत बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कॉल डिटेल के आधार पर घटनास्थल को चिन्हित किया और क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में पहुंची, जहां महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। प्राथमिक जांच में महिला की मौत गोली लगने के कारण होना पाया गया है। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन और विवाद चल रहा था, जिसने सोमवार तड़के यह भयानक रूप ले लिया।
घटना के बाद पुलिस और फील्ड फॉरेंसिक यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर स्थानीय पुलिस थाने में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।