बिहार के वैशाली में बड़ा नाव हादसा, गंगा में डूबने से 13 बच्चों की मौत; परिजनों को 4 लाख रुपये की मदद

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत की पुष्टि जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने की है। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक छोटी निजी नाव पर सवार होकर लोग गंगा नदी पार कर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन के मुताबिक, अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, बचाए गए सात बच्चों को इलाज के लिए पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी बच्चों की हालत स्थिर है।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नाव की खराब स्थिति की जानकारी पहले ही संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
पीएम मोदी और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा है। राघोपुर के विधायक तेजस्वी यादव ने भी घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
फिलहाल, प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाना है।