उत्तराखंड में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए M3M Foundation व कौशल विकास विभाग के बीच MoU

उत्तराखण्ड राज्य के युवाओं को उद्योग-प्रासंगिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, उत्तराखंड और एम3एम फाउंडेशन के बीच मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को देहरादून में एक महत्वपूर्ण Memorandum of Understanding (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड की ओर से श्री संजय कुमार, निदेशक (प्रशिक्षण), प्रशिक्षण एवं सेवायोजन तथा M3M Foundation की ओर से डॉ. ऐश्वर्य महाजन, Managing Trustee एवं President द्वारा हस्ताक्षर किए गये।इस अवसर पर चंद्रकांता (उप निदेशक सेवायोजन), निरंजन खुगशाल (उप निदेशक (प्रशिक्षण), दिनकर रौतेला, (प्रधानाचार्य श्रेणी-1, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, निरंजनपुर देहरादून), विनीता बडोनी (Nodal Officer, UKSDM), तथा अरविंद कुमार शर्मा (M3M प्रतिनिधि) सहित विभाग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस MoU का उद्देश्य उत्तराखंड में एक सहयोगात्मक कौशल विकास ढांचा स्थापित करना है, जिसके माध्यम से युवाओं को उद्योग की वर्तमान एवं उभरती आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके। इस पहल के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, रोज़गार-क्षमता बढ़ाना, उद्योग से जुड़ाव, प्लेसमेंट के अवसर और टिकाऊ आजीविका के परिणाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण को स्थानीय रोजगार की मांग से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
MoU के अंतर्गत प्रारंभिक चरण में देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर एवं पिथौरागढ़ में प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन को प्राथमिकता दी गई है। परियोजना की आवश्यकता, भौगोलिक परिस्थितियों तथा संभावित लाभार्थियों की उपलब्धता के आधार पर अल्मोड़ा और बड़कोट को अतिरिक्त प्रशिक्षण स्थानों के रूप में भी शामिल किया जा सकता है। प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र के लिएस्थानीय परिस्थितियों, उद्योग की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कम से कम दो पाठ्यक्रमों का चयन किया जाएगा। प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आधुनिक एवं रोजगारपरक तकनीकी ट्रेडों को शामिल किया गया है। इनमें जूनियर टेक्नीशियन इलेक्ट्रिक व्हीकल, जूनियर टेक्नीशियन ऑटो इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, जूनियर टेक्नीशियन ऑटोमोबाइल रिपेयर मेंटेनेंस, जूनियर टेक्नीशियन – इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स (IoT), जूनियर टेक्नीशियन – प्लंबिंग प्रमुख हैं। इन ट्रेडों का चयन स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं एवं युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए किया जाना प्रस्तावित है।

इस साझेदारी के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को बदलती औद्योगिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार, स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। उद्योगों के साथ संपर्क एवं placement support को मजबूत करने के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रशिक्षण के बाद के परिणामों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. पायल कनोडिया, Chairperson एवं Trustee, M3M Foundation ने कहा कि उत्तराखंड में युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना और उन्हें रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ना इस साझेदारी का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि M3M Foundation और Department of Skill Development and Employment, Uttarakhand के बीच यह सहयोग राज्य में कौशल विकास को अधिक उद्योग-केंद्रित, रोजगारपरक और परिणाम-उन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस साझेदारी के माध्यम से युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, बेहतर रोजगार अवसर और टिकाऊ आजीविका के मार्ग को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
यह साझेदारी उत्तराखंड में कौशल विकास के क्षेत्र में विभागीय प्रयासों और सामाजिक क्षेत्र की भागीदारी को एक साथ लाते हुए युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करेगी।