टीचर्स डे पर पीएम मोदी की अपील- बच्चों को नशे और स्क्रीन की लत से बचाएं

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को नशे की बुराइयों के प्रति जागरूक करने और उनका स्क्रीन टाइम कम करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से भी विद्यार्थियों को रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने बदलते दौर में शिक्षा और शिक्षण पद्धतियों में आ रहे बदलावों पर चर्चा की। उन्होंने कक्षा में तकनीक के बेहतर उपयोग, नए शिक्षण तरीकों को अपनाने और विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे विषयों पर शिक्षकों के विचार भी जाने।प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक आवास पर शिक्षकों से मुलाकात करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने नई पीढ़ी की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के अधिक प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया।