लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दौरान सोमवार सुबह भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर के पास भारी भीड़ के बीच बिजली का एक पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। प्रशासन के मुताबिक हादसे में मौतें करंट लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ में श्रद्धालुओं के दबने से हुईं।

घटना के समय अशोक धाम हॉल्ट पर दो ट्रेनों के एक साथ पहुंचने से भी श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ गई थी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश भी दिए हैं।