हरिद्वार में ड्यूटी पर जा रहे युवकों पर हमला, फायरिंग में एक घायल
रानीपुर क्षेत्र में बदमाशों ने की मारपीट, गोली लगने पर युवक को एम्स ऋषिकेश रेफर

हरिद्वार जिले के रानीपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे दो युवकों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना फाउंड्री गेट के पास की है, जहां कुछ हथियारबंद युवकों ने दोनों को रोककर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने इस दौरान फायरिंग भी की, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रात में सिडकुल स्थित कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों के पास तमंचे, चाकू और लाठियां थीं। पहले गाली-गलौज की गई और फिर हमला कर दिया गया।
फायरिंग के दौरान बचने की कोशिश में भागते समय एक युवक के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कई नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।