डोईवाला से लापता 6 नाबालिग बच्चे 6 घंटे में हरिद्वार से सकुशल बरामद
सीसीटीवी और सोशल मीडिया की मदद से 6 नाबालिग बच्चों का सुराग, हरिद्वार से बरामद

डोईवाला क्षेत्र से अचानक लापता हुए छह नाबालिग बच्चों को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया। सभी बच्चे 12 से 15 वर्ष की आयु के हैं और लालतप्पड़ स्थित एक स्कूल में कक्षा 7 और 8 में पढ़ते हैं।
जानकारी के अनुसार 6 मई की शाम बच्चों के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बच्चे सुबह रोज की तरह स्कूल गए थे, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटे। बच्चों के अचानक गायब होने से परिवारों में चिंता का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत कई पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए स्कूल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया व आसपास के थानों में साझा की गईं। लगातार की गई खोजबीन के बाद पुलिस को बच्चों की लोकेशन हरिद्वार में मिली।
देर रात पुलिस टीम ने सभी बच्चों को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने मिलकर हरिद्वार घूमने की योजना बनाई थी। वे स्कूल बैग में अतिरिक्त कपड़े लेकर आए थे और छुट्टी के बाद बस से हरिद्वार पहुंच गए। वहां उन्होंने हरकी पैड़ी समेत कई स्थानों पर घूमने के बाद रेलवे स्टेशन का रुख किया।
बच्चों ने पुलिस को बताया कि देर होने पर उन्हें घरवालों की डांट का डर सताने लगा, इसलिए वे किसी दूसरी जगह जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें खोज लिया।
बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।