पूर्व सीएम खंडूड़ी के निधन पर उपराष्ट्रपति ने जताया शोक, श्रद्धांजलि देने आवास पर पहुंचे
खंडूड़ी के योगदान को बताया अविस्मरणीय, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) के निधन पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा शोक व्यक्त किया। उपराष्ट्रपति ने देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि बीसी खंडूड़ी ने सेना से लेकर राजनीति तक हर भूमिका को ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाया। उन्होंने कहा कि देश के विकास और जनसेवा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
उन्होंने खंडूड़ी को एक विशिष्ट सैनिक, कुशल प्रशासक और बेदाग छवि वाले जननेता के रूप में याद करते हुए कहा कि उनके निधन से देश ने एक असाधारण सत्यनिष्ठ और समर्पित राजनेता को खो दिया है।
बीसी खंडूड़ी के निधन के बाद प्रदेशभर में शोक की लहर है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग लगातार उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।