सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान होगा तेज, दर्ज वक्फ संपत्तियों के ब्यौरे की होगी नियमित जांच
सीएम पुष्कर सिंह धमी ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त दिशा निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी जमीनों की भी गहन जांच की जाए और राज्य में भू-कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई भूमि की पड़ताल की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्यौरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा की जाए और इन संपत्तियों की समय-समय पर जांच भी सुनिश्चित हो। अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान, जनसेवा केंद्रों की जांच तथा अवैध राशन कार्ड के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने को भी कहा।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समयबद्ध ढंग से पूरी करने, गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो और यदि किसी कारणवश कटौती करनी पड़े तो इसकी सूचना पहले से जनता तक पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और श्रद्धालुओं से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर पेयजल की समुचित उपलब्धता और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। वहीं, मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए।