गंगा दशहरा पर्व पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सुबह तक आंकड़ा पहुंचा 16 लाख के पार
गंगा दशहरा पर हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने मिल रहा है. गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.

गंगा दशहरा के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु तड़के सुबह से ही हरकी पैड़ी और अन्य प्रमुख घाटों पर गंगा स्नान कर धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा ले रहे हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा का पर्व मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण से जुड़ा माना जाता है। कहा जाता है कि राजा भगीरथ की कठोर तपस्या के बाद मां गंगा धरती पर आईं और भगवान शिव ने उनके वेग को अपनी जटाओं में धारण किया। इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ और दान को विशेष फलदायी माना जाता है, इसलिए बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते हैं।
इस बार भी गंगा दशहरा के अवसर पर हरकी पैड़ी सहित तमाम घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। लोग गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है। शहर में वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने हेतु रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है, जबकि पार्किंग स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।