अभिनेता आशुतोष राणा ने किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने किया स्वागत, प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट

प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने आज पूर्वाह्न को भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया तथा भगवान बदरीविशाल का प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट किया गया।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि फिल्म अभिनेता आशुतोष रामनारायण नीखरा उर्फ आशुतोष राणा ने पूजा-अर्चना के दौरान सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने बीकेटीसी द्वारा की जा रही यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्य वातावरण प्रत्येक श्रद्धालु को आत्मिक शांति प्रदान करता है।बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान ने फिल्म अभिनेता का अभिनंदन करते हुए भगवान बदरीविशाल का प्रसाद एवं स्मृति-चिह्न भेंट किया। धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल एवं वेदपाठी रविंद्र भट्ट ने पूजा-अर्चना संपन्न की।
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित सदस्य रजनीश भट्ट,पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी,प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान सहित मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, प्रोटोकॉल अधिकारी प्रमोद नौटियाल, वैभव उनियाल, राहुल नेगी, योगंबर नेगी विकास सनवाल, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश निवासी आशुतोष राणा हिंदी फिल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता है उन्होंने अपने अभिनय जीवन की शुरुआत दूरदर्शन धारावाहिकों से की तथा चलचित्र दुश्मन से विशेष पहचान प्राप्त की। अपने प्रभावशाली अभिनय एवं नकारात्मक फिल्मी अभिनय भूमिकाओं में प्रसिद्धि मिली।उन्होंने संघर्ष, राज, बादल, मुल्क सहित अनेक चर्चित चलचित्रों में अभिनय किया है।