मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात, उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने की मांग

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क एवं अवसंरचना परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने यह अनुरोध खास तौर पर चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और उसके परिणामस्वरूप राज्य की सड़कों पर बढ़े यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बढ़े हुए यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए, सड़कों की यातायात वहन क्षमता को बढ़ाने, उनके समुचित रख-रखाव के साथ ही क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन और आर्थिक प्रगति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की प्रमुख सड़क परियोजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन अनिवार्य है। इन परियोजनाओं के लिए केंद्रीय मंत्री से सहयोग की अपेक्षा जताई गई।
मुख्यमंत्री ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। सबसे पहले, उन्होंने केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत शेष ₹367.69 करोड़ की प्रतिपूर्ति शीघ्र राज्य सरकार को किए जाने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने ऋषिकेश बाईपास परियोजना की स्वीकृति और बिहारीगढ़ से रोशनाबाद तक के 33 किमी लंबे राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित करने का भी अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, काठगोदाम से पंचेश्वर तक 189 किमी लंबी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने का भी प्रस्ताव रखा।
देहरादून में ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान
मुख्यमंत्री ने देहरादून शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए बिंदाल और रिस्पना नदियों के ऊपर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इसे एनएच-07 के लूप के रूप में स्वीकृत किए जाने का भी अनुरोध किया।
महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए धनराशि की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने मानसखंड परियोजना के अंतर्गत पौराणिक मंदिरों से जुड़ी 508 किमी लंबी 20 सड़कों के अपग्रेडेशन के लिए ₹8000 करोड़ की लागत की परियोजना के पहले चरण के लिए ₹1000 करोड़ की स्वीकृति की मांग की। इसके साथ ही खटीमा में रिंग रोड निर्माण और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से प्रभावित एनएच-109 के पुनः संरेखण के बाद प्रस्तावित बाईपास सड़क के निर्माण के लिए संशोधित लागत ₹371.84 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
दूसरे प्रमुख सड़क कार्यों का अनुरोध
मुख्यमंत्री ने एनएच-507 पर बाड़वाला से लखवाड़ बैंड (28 किमी) और एनएच-534 पर दुगड्डा से गुमखाल तक (18.10 किमी) चौड़ीकरण कार्यों की शीघ्र स्वीकृति का भी आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय और स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा भी उपस्थित थे।