Uncategorized

सीएम धामी का कुमाऊं दौरा, हल्द्वानी और खटीमा को दी नई सौगात

सीएम पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले के दौरे पर है. दोनों ही जिलों की जनता को बड़ी सौगात मिली है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को कुमाऊं दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी और खटीमा में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। हल्द्वानी में मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक मीडिया सेंटर भवन की आधारशिला रखी, जबकि खटीमा में 89 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात जनता को दी।

मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम हल्द्वानी में आयोजित हुआ, जहां उन्होंने करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और कुमाऊं क्षेत्र के पत्रकारों को समाचार संकलन, संवाद और कार्य संचालन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और सुविधाओं को लेकर लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नया मीडिया सेंटर पत्रकारों को तकनीकी रूप से सशक्त और बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा। साथ ही उन्होंने सूचना विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों के विशेष प्रयासों से यह परियोजना अब धरातल पर उतर रही है।

हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने ब्लॉक परिसर में हाईटेक दीदी लाइब्रेरी, व्यायामशाला समेत करीब 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाइब्रेरी में मौजूद छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।मुख्यमंत्री के इस दौरे को कुमाऊं क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!