देहरादून में बड़ा हादसा टला: बेकाबू होकर गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ घुसा ईंटों से भरा ट्रक
रंबल स्ट्रिप पर उछलने से फेल हुए ब्रेक, चालक की सूझबूझ से बची लोगों की जान; मोहब्बेवाला में फिर उठा सड़क सुरक्षा पर सवाल

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र अंतर्गत मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरनगर से ईंटें लेकर आ रहा एक भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक गर्ल्स हॉस्टल में जा घुसा। हॉस्टल की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए ट्रक परिसर के भीतर ही पलट गया। दुर्घटना होते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटनाक्रम के अनुसार, ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग से शहर में प्रवेश कर रहा था। ढलान वाले रास्ते पर रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए सड़क पर रंबल स्ट्रिप (स्पीड ब्रेकर पट्टियां) बनाई गई हैं। ढलान पर गाड़ी जैसे ही इन पट्टियों से गुजरी, भारी वाहन होने के कारण उसमें तेज़ उछाल आया और अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। मुख्य सड़क पर मौजूद अन्य वाहनों और राहगीरों को बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी को किनारे मोड़ा, जिसके बाद ट्रक हॉस्टल की दीवार से टकराकर अंदर पलट गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पहुंची पुलिस टीम ने राहत कार्य शुरू किया। कैबिन में फंसे चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
उल्लेखनीय है कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण हाल ही में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के बाद गति सीमा नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप लगाए गए थे। हालांकि, ढलान पर बने इन स्ट्रिप्स के कारण वाहनों के अनियंत्रित होने और ब्रेक फेल होने का नया जोखिम खड़ा हो गया है, जिसको लेकर स्थानीय लोग और चालक लगातार चिंता जता रहे हैं।