UncategorizedUttrakhandआपदाटिहरी गढ़वालरुद्रप्रयाग

देवप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो की मौत, तीन घायल

देवप्रयाग में भीषण सड़क हादसा

टिहरी गढ़वाल: देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

दुर्घटना देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर दूर श्रीनगर की ओर हुई। कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया तथा तीनों घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

इसके बाद एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने कार में फंसे एक महिला और एक पुरुष के शवों को बाहर निकाला। दुर्गम रास्ते के कारण दोनों शवों को राफ्ट के सहारे नदी पार कराकर देवप्रयाग लाया गया। बाद में शवों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मृतकों की पहचान 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों में उत्तम सिंह (33), निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45), निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग शामिल हैं। एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर पोस्ट की टीमों ने आपसी समन्वय से रेस्क्यू अभियान पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!