DehradunUttrakhandउत्तराखंडदेहरादून

राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर एक दिवसीय शिविर आयोजित

 

देहरादून,। डीएवी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा सामूहिक रूप से एनएसएस गीत “उठे समाज के लिए उठे, उठे जागे राष्ट्र के लिए जागे, जागे स्वयं सजे वसुंधरा संवार दे” प्रस्तुत कर किया गया। गीत की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को तालियां बजाने के लिए प्रेरित कर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य  एस.के. श्रीवास्तव ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मानना था कि शिक्षित युवा वर्ग शिक्षा के साथ समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी करे। इससे समाज के लोगों की समस्याओं को समझने और एक-दूसरे के सहयोग के लिए मजबूत सामाजिक बंधन विकसित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में अनुशासन, स्नेह, सहयोग और सेवा भावना का विकास करती है तथा उन्हें एक जिम्मेदार एवं योग्य नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है।

 

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता सहोत्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 24 सितंबर 1969 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा से जोड़ते हुए महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धांतों को व्यवहार में उतारना था। उन्होंने स्वयंसेवियों से कहा कि वे राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल मंत्र “मैं नहीं, आप” को अपने जीवन में अपनाएं और समाजहित में सेवा कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहें।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके उपरांत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अमरूद, आम, नीम सहित विभिन्न छायादार पौधों का रोपण किया गया। स्वयंसेवियों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में अंश कुमार, मुस्कान कौर, प्रियंका पाल, अभिजीत, कृष्णा, अनिकेत, अंशु, आरव, सिद्धार्थ, पूजा, शिवानी, मेघा, निधि, नीलम, वंशिका, वंश, डाली, आयुष, आमीन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर शिक्षकगण शशि कुमार त्रिपाठी, अनिल थापा, तृप्ता कुमार, मनोरमा नेगी, संगीता चौरसिया, सुनीता पाल, रिवेका, भूषण नौटियाल, विनीत सिंघल, सुबोध यादव, ध्यान राजू एवं भास्कर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका पाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!