चारधाम यात्रा पर सियासत तेज, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
आलोक शर्मा ने कहा यात्रा मार्गों पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. बदरीनाथ जैसे प्रमुख धाम में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है.

चारधाम यात्रा के शुरू होते ही सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. कांग्रेस ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. भाजपा इन आरोपों को दुष्प्रचार बताते हुए सिरे से खारिज कर रही है. यात्रा के शुरुआती दिनों में सामने आई घटनाओं और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बीच अब यह मुद्दा राजनीतिक रंग लेता जा रहा है.
कांग्रेस का हमला, व्यवस्थाएं धरातल पर फेल:
हरिद्वार में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने कहा चारधाम यात्रा शुरू होते ही अव्यवस्थाओं की तस्वीर सामने आने लगी हैं. उन्होंने यमुनोत्री में दो महिलाओं और केदारनाथ में एक बुजुर्ग की मौत का जिक्र करते हुए इसे बेहद चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा ये घटनाएं केवल हादसे नहीं बल्कि सरकार की अधूरी तैयारियों का प्रमाण हैं. आलोक शर्मा ने कहा यात्रा मार्गों पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. बदरीनाथ जैसे प्रमुख धाम में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी गंभीर लापरवाही को दर्शाती है. उन्होंने कहा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस आयोजन में ऐसी खामियां जानलेवा साबित हो सकती हैं.
वीआईपी संस्कृति पर भी उठाये सवाल:
कांग्रेस ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है. आलोक शर्मा ने कहा आम श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं जबकि वीआईपी लोगों को सीधे दर्शन कराए जा रहे हैं. उन्होंने इसे आस्था के साथ अन्याय बताया. उन्होंने कहा सरकार बैठकों और योजनाओं तक सीमित रह जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर दिखाई नहीं देता. पिछले वर्ष यात्रा के दौरान हुई मौतों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कोई ठोस सबक नहीं लिया. इस साल भी वही स्थिति दोहराई जा रही है.
भाजपा का पलटवार, बयानों को बताया दुष्प्रचार:
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है. उन्होंने kue कांग्रेस सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक पोस्ट के आधार पर बेवजह मुद्दे बना रही है. राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रही है. उन्होंने कहा अब तक तीन मामलों में भ्रामक जानकारी फैलाने पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. जांच में यह सामने आया है कि कई वीडियो और दावे फर्जी थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी बड़े पैमाने पर अव्यवस्था जैसी स्थिति नहीं है, बल्कि चुनिंदा घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.
यात्रा मार्ग तक मजबूत इंतजाम:
भाजपा नेता ने कहा यात्रा मार्गों पर शौचालय, ईंधन, गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. उन्होंने बताया राज्य सरकार ने यात्रा समाप्ति के तुरंत बाद ही तैयारियां शुरू कर दी थीं. जिसका परिणाम है कि इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. यात्रा पड़ावों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, दवाइयों की उपलब्धता और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. साथ ही हेली सेवाओं के संचालन के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं.