रुड़की में सनसनीखेज वारदात: भाई ने दो सगी बहनों को मारी गोली, जीजा गंभीर

उत्तराखंड के रुड़की से मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों पर गोली चला दी। फायरिंग में दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी विक्की ने पहले गणेशपुर इलाके में अपनी बहन शकुंतला को गोली मारी। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायल जीजा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
![]()
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, हालांकि वारदात की असली वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।